-लाइब्रेरी और कैंटीन भी छात्रों के लिए खोली जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ चुनाव बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर जारी आंदोलन खत्म हो चुका है। जामिया प्रशासन नौ नवंबर से कैंपस में छात्रों के लिए फिर कक्षाएं, लाइब्रेरी और कैंटीन शुरू करेगा। आंदोलन के चलते कक्षाओं को ऑनलाइन कर दिया गया था। साथ ही कैंटीन और लाइब्रेरी भी छात्रों के लिए बंद कर दी गई थी।
जामिया के एक अधिकारी ने बताया कि दिवाली के बाद नौ नवंबर से कैंपस में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। आंदोलन खत्म होने के कैंपस में साफ-सफाई की शुरुआत हो चुकी है। 18 दिन तक छात्रों का आंदोलन कैंपस में चला था। वहीं जामिया में 20 साल से छात्र संघ चुनाव नहीं होने के मुद्दे पर गतिरोध खत्म होने के बाद शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रशासन की सराहना की।
शुक्रवार को अंसारी ऑडिटोरियम के लॉन में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम में 2000 से अधिक शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ करीब आठ दौर की बातचीत के बाद इस पुराने मुद्दे का सौहार्दपूर्ण समाधान निकला है।
हालांकि, कर्मचारियों ने परिसर में आपत्तिजनक नारे लिखने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह किसी पक्ष की जीत नहीं, बल्कि संवाद, लोकतंत्र और भाईचारे की जीत है।