सफाई अभियान चलाते एनसीसी के छात्र
गुड़गांव-अलवर रोड पर अधिकारियों तथा आम लोगों की सहूलियत के लिए बने लघु सचिवालय में इन दिनों चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। ऐसा नहीं है कि इसमें बाहर से आने वाले लोग गंदगी फैलाते हैं बल्कि इसमें रहने वाले अधिकारी व कर्मचारी ही खुद गंदगी फैलाने में लगे हुए हैं।
इसके चलते यहां आने जाने वाले लोगों में स्थानीय प्रशासन के प्रति रोष है। एक कहावत आपने जरूर सुनी होगी, जिसमें कहा गया है कि अंधेर नगरी चौपट राजा यह कहावत इन दिनों फिरोजपुर झिरका के लघु सचिवालय में बैठने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सटीक बैठती दिखाई दे रही है, क्योंकि बीते दिन चले स्वच्छता अभियान में इन ही अधिकारियों ने लोगों को साफ सफाई का संदेश दिया था जो यहां के लघु सचिवालय में इस समय सरकार के स्वच्छता अभियान की धज्जियां उड़ाकर जमकर गंदगी फैलाने में लगे हुए हैं।
इससे यहां आने-जाने वाले लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष है। बता दें कि इलाके के लोगों को एक ही छत के नीचे न्याय मिले ,इसके लिए बीते पांच साल पहले सरकार द्वारा गुुड़गांव अलवर मार्ग स्थित करोड़ाें रुपये की लागत से लघु सचिवालय का निर्माण कराया गया था, लेकिन इसमें सफाई व्यवस्था के अभाव के चलते यह इमारत दिनों दिन गंदगी का ढेर बनती जा रही है।
शहर के मनोज कुमार, युसूफ खान, हसीन अहमद, इसराक अहमद आदि का आरोप है कि यहां बैठने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी इस परिसर में सबसे अधिक गंदगी फैलाते हैं इसके चलते बाहरी लोग भी देखादेखी गंदगी फैलाने में पीछे नहीं रहते हैं।
लोगों ने बताया कि यहां गंदगी का आलम यह है कि लघु सचिवालय परिसर में घुसते ही उन्हें बदबू का सामना करना पड़ता है। लोगों ने जिला प्रशासन से इसकी सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।