दिल्ली में आगामी 4 नवंबर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए सम-विषम योजना की शुरुआत होगी। पिछले दो बार की तरह इस बार भी इस योजना के तहत सीएनजी वाहनों के किसी भी नंबर को हर दिन चलने की अनुमति होगी, लेकिन इसमें थोड़ा सा पेंच है।
दरअसल नवंबर में शुरू हो रही सम-विषम योजना में पुराने सीएनजी स्टीकर मान्य नहीं होंगे। यानी अगर आपकी गाड़ी पर पुराना सीएनजी स्टीकर लगा है तो आपको नया स्टीकर लेना पड़ेगा। इस बार दिल्ली सरकार नए सिरे से सीएनजी स्टीकर बांटेगी। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने यह फैसला सोमवार को हुई अधिकारियों की बैठक में लिया।
कैलाश गहलोत ने सोमवार को सम-विषम की तैयारियों को लेकर बैठक की। हर बार की तरह इस बार भी सम-विषम योजना में सीएनजी वाहनों को इस योजना से छूट दी गई है। जब पहली बार यह योजना लागू हुई थी तब दिल्ली सरकार ने बड़ी संख्या में सीएनजी स्टीकर बांटे थे। जब दोबारा इस योजना को लागू किया गया तो पुराने वाले स्टीकर मान्य किए गए थे।
हालांकि इस बार सरकार ने फैसला लिया है कि पुरानी इस बार पुराने स्टीकर मान्य नहीं होंगे। इनकी जगह पर सरकार नए स्टीकर बांटेगी जो मान्य होंगे। जिनकी गाड़ी पर पुराने सीएनजी स्टीकर लगे होंगे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ सकती है। स्टीकर दिल्ली के अलावा एनसीआर के शहरों में पंजीकृत सीएनजी ईंधन से चलने वाले वाहनों को भी मिलेगा। वर्तमान में दिल्ली में करीब 15 लाख सीएनजी चालित वाहन हैं।