भाजपा नेता विजय गोयल ने सम-विषम योजना का विरोध करने के लिए ऑड नंबर की गाड़ी लेकर निकले हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल प्रदूषण के खिलाफ कदम उठाने से ज्यादा विज्ञापन पर खर्च कर रहे हैं।
विजय गोयल ने सम-विषम नियम के खिलाफ विरोध जताने के दौरान मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि मेरे मन में बहुत दुख है। केजरीवाल ने 5 साल में एक भी काम नहीं किया। मेरा चैलेंज है कि वो अपना एक भी काम दिखा दें। उन्होंने सिर्फ बड़े-बड़े विज्ञापन लगाए कि उन्होंने 25 प्रतिशत प्रदूषण कम किया है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल कहते हैं कि दिल्ली का प्रदूषण पराली से है तो फिर सम-विषम नियम का क्या फायदा। इस नियम के तहत कई तरह की गाड़ियों को छूट दी गई है तो फिर इसे लागू करने का क्या फायदा। 2016 में भी इस नियम का फायदा नहीं हुआ था। उन्होंने ये भी कहा कि पहले केजरीवाल खांसते थे लेकिन उनका खांसना अब बंद हो गया है, अब पूरी दिल्ली खांस रही है।