राजधानी में 15 अप्रैल से शुरू होने जा रही दूसरे चरण की सम विषम योजना यदि इस बार सफल रही तो इस फॉर्मूला को हर माह लागू किया जाएगा। ये बातें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में सिविल डिफेंस के वालंटियर और नोडल अधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, परिवहन मंत्री गोपाल राय समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारी व अधिकारी मौजूद रहे।
केजरीवाल ने कहा कि सम विषम के दूसरे फेज को ट्रायल नहीं माना जाए। ट्रायल हम जनवरी में कर चुके हैं जो पूरी तरह से सफल रहा और जिसे देश ही नहीं विदेशों में भी सराहा गया।
दूसरे फेज में हमारे तैयारियों की समीक्षा है। दूसरा फेज सफल रहा तो हम इसे प्रत्येक माह लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि पहला फेज भी दिल्लीवालों के सहयोग से सफल हुआ। यह फॉर्मूला दूसरे देशों में विफल रहा लेकिन दिल्लीवासियों ने इसे यहां हिट करा दिया।