मौसम विभाग की मानें तो अगले सप्ताह भी मौसम में ज्यादा बदलाव के आसार नहीं है। नवंबर की शुरुआत हो चुकी है और शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33.6 और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिम विक्षोभ नहीं आने से अभी गर्मी सता ही रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार चार नवंबर के बाद से उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री के बीच रहेगा। इस कारण सुबह व शाम को हल्की ठंड का अहसास होगा। दिन में धूप निकलने से हल्की गर्मी का अहसास हो सकता है।