अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे से साइबर सिटी को बड़ा फायदा हो सकता है। गुड़गांव में कई अमेरिकी कंपनियां हैं। 25 जनवरी को इनके सीईओ की अमेरिका से आए बिजनेस प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात होनी है।
गुड़गांव में कारोबार के विस्तार और नए निवेश पर मंथन होने की संभावना है। कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि इससे गुड़गांव को काफी फायदा होने की उम्मीद है।
कॉरपोरेट हब साइबर सिटी में देश-विदेश की कई कंपनियां हैं। इसमें अमेरिकी कंपनियों की संख्या अच्छी खासी है। राष्ट्रपति बराक ओबामा के इस दौरे से एक बार फिर से चर्चा वैश्विक स्तर पर हो रही है।
काफी समय से निवेश की बाट जोह रहे गुड़गांव को फिर से बेहतरी की उम्मीद बंधी है। गुड़गांव में राष्ट्रपति ओबामा के प्रतिनिधिमंडल के गुड़गांव में आने का सिलसिला भी तेज हो गया है। ऐसे में गुड़गांव की उम्मीद और परवान चढ़ रही है।