-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एलएनजेपी अस्पताल में नर्सों से मिलने पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की पूर्व संध्या पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं बल्कि मानवता और संवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। डॉक्टर यदि उपचार करते हैं तो नर्सें अपनी ममता और देखभाल से मरीज को नया जीवन देती हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में जाकर नर्सिंग स्टाफ से मुलाकात और उनके निस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की। अस्पताल में कार्यरत विभिन्न राज्यों (केरल, राजस्थान, पंजाब आदि) के नर्सिंग स्टाफ से विशेष तौर पर बात की।
स्टाइपेंड राशि 500 से बढ़ाकर 13150 की
दिल्ली सरकार ने 27 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए नर्सिंग इंटर्न्स के स्टाइपेंड में 27 गुना की रिकॉर्ड वृद्धि की है। उनको मिलने वाली राशि 500 रुपये से बढ़ाकर 13150 कर दी गई है। इस फैसले से 180 नर्सिंग इंटर्न्स को बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सरकार ने 1388 नर्सिंग अधिकारियों और 41 पैरामेडिकल स्टाफ को नियुक्ति पत्र भी दिए गए हैं। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. बीएल चौधरी सहित कई दूसरे डॉक्टर भी मौजूद रहे। नर्सिंग अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री से यूनिफॉर्म कलर बदलने की मांग
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी नर्सों को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सेवा भावना के लिए उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान एक नर्सिंग अधिकारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि श्रेणीबद्ध नर्सिंग अधिकारियों की एक जैसी यूनिफॉर्म है। हम इसका कलर बदलना चाहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने नर्सिंग अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा।