निजी स्कूलों ने नर्सरी दाखिले के लिए दूसरी सूची जारी कर दी है। निजी स्कूलों में शिफटिंग का दौर शुरु होने के कारण अभिभावकों के पास दाखिले की अब भी संभावना है।
हालांकि नामी-गिरामी स्कूलों में यह संभावना बेहद कम है। दरअसल दूसरी सूची में कई ऐसे अभिभावक हैं जिनको दाखिले के लिए कई स्कूलों से बुलावा आया है। इस कारण वह किसी एक स्कूल में ही दाखिला लेंगे और बाकी जगह की सीट को छोडेंगे।
शिक्षा निदेशालय की गाइडलाइंस के अनुसार निजी स्कूलों ने बुधवार को दूसरी सूची जारी करनी शुरु कर दी। कुछ स्कूलों ने जहां सूची जारी कर दी वहीं कुछ बृहस्पतिवार, शुक्रवार तक जारी कर देंगे।
दूसरी सूची में भी ज्यादातर स्कूलों में 60 अंक प्राप्त करने वालों को रखा गया है। इन्हीं अंकों के आधार पर उनका ड्रा होगा। वहीं दूसरी सूची में कई अभिभावकों के बच्चों का नाम कई स्कूलों में आ गया है।
अब उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि किस स्कूल में दाखिला लिया जाए। मसलन एक अभिभावक के बच्चे का दाखिला रोहिणी स्थित सोवरियन व मैक्सफोर्ट पीतमपुरा में गया है।
अब वह यह जानना चाहते हैं कि इन दोनों में से कौन सा बेहतर है। अब वह जब किसी एक स्कूल की सीट छोडेंगे तो किसी दूसरे अभिभावक के बच्चे के दाखिले के चांस बन जाएंगे।
अभिभावकों को सलाह है कि दूसरी सूची में उन्हें जहां दाखिला मिल रहा है वहां वह दाखिला हर हाल में लें लें। एडमिशन नर्सरी डॉट कॉम प्रमुख सुमित वोहरा का कहना है कि भले ही दूसरी सूची जारी हो गई हो लेकिन अभिभावकों को अभी से घबराने की आवश्यकता नहीं है।
अभिभावकों को यह ध्यान रखना चाहिए कि अभी मार्च के अंतिम सप्ताह तक दाखिले जारी रहेंगे। लिहाजा किसी न किसी स्कूल में उनकेबच्चे के दाखिले की संभावना बनी रहेगी।
दूसरी लिस्ट नहीं जारी कर रहे स्कूल
वहीं कुछ अभिभावकों की शिकायत है कि कुछ स्कूल दूसरी लिस्ट जारी करने की बात कह कर लिस्ट जारी नहीं कर रहे। विकासपुरी स्थित एक नामी स्कूल ने अभिभावकों को चार बजे दूसरी लिस्ट जारी करने की बात कहीं।
जब अभिभावक चार बजे स्कूल पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला और कहा गया कि सभी सीटें भर गई है लिहाजा दूसरी लिस्ट जारी नहीं की जाएगी।