स्नातक सीटों के लिए विशेष स्पॉट आवंटन सूची आज
दिल्ली विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार (आज) सुबह 10 बजे स्नातक की खाली सीटों के लिए विशेष स्पॉट आवंटन सूची जारी की जाएगी। छात्र अपनी सीट के आवंटन को कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम पोर्टल पर देख सकते हैं। इसके बाद छात्रों को सीट स्वीकार करने का अवसर मिलेगा। छात्र 23 दिसंबर शाम चार बजकर 59 मिनट तक आवंटित सीट को स्वीकार कर सकेंगे। डीयू के नियमित कॉलेजों में साइंस, हिंदी, संस्कृत समेत कुछ अन्य कोर्सेज की करीब सात हजार सीटें खाली हैं। इन सीटों पर दो दिन चली आवेदन प्रक्रिया के तहत 12 हजार से अधिक आवेदन आ गए हैं।
इन आवेदनों के आधार पर ही छात्रों को सीट का आवंटन किया जाएगा। बृहस्पतिवार को ही सीट स्वीकार करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। छात्र 22 दिसंबर से 23 दिसंबर शाम 4 बजकर 59 मिनट तक आवंटित सीट को स्वीकार कर सकते हैं। इसके बाद कॉलेज 22 दिसंबर से 24 दिसंबर शाम चार बजकर 59 मिनट तक ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन कर उसे स्वीकार करेंगे। सीट स्वीकार करने के बाद छात्रों को फीस भुगतान के लिए 25 दिसंबर तक का समय मिलेगा।
सीयूईटी: पीजी में दाखिले के लिए दिसंबर अंत से आवेदन
सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए परास्नातक (पीजी) प्रोग्राम में दाखिले के लिए आवेदन दिसंबर आखिरी या फिर जनवरी के पहले हफ्ते से शुरू होंगे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, सीयूईटी पीजी-2023 के लिए परीक्षा जून के पहले या दूसरे हफ्ते में अंग्रेेजी, हिंदी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में होगी। नतीजे जून के तीसरे हफ्ते में आएंगे और दाखिला प्रक्रिया जुलाई आखिर तक पूरी करनी होगी। सत्र एक अगस्त से शुरू होगा। केंद्रीय विश्वविद्यालयों के अलावा अन्य विश्वविद्यालय भी सीयूईटी पीजी के तहत सीट अलॉट कर सकते हैं।