गाजियाबाद के प्राइवेट स्कूलों की मोटी एडमिशन फीस प्रवेश में रुकावट बन रही है। अधिकांश बड़े स्कूलों में अगस्त से नर्सरी में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई थी।
चार महीने बीतने के बावजूद अभी तक सीटें नहीं भर सकी है। शहर के जीडी गोयनका, डीपीएस राजनगर, डीपीएसजी इंटरनेशनल और रायन इंटरनेशनल स्कूल में अभी सीटें नहीं भरने से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है।
मोटी फीस की वजह से एडमिशन से पीछे हटने वाले अभिभावकों को कई स्कूल किस्तों में फीस जमा करने की सुविधा दे रहे हैं।
एक लाख के पार नर्सरी एडमिशन फीस
शहर के कई निजी स्कूलों में नर्सरी की एडमिशन फीस 70 हजार से लेकर एक लाख के पार पहुंच चुकी है। डीपीएस राजनगर में अगर अभिभावक 31 दिसंबर के पहले एडमिशन फीस भरते हैं तो उन्हें 75 हजार जमा करने होंगे।
इसके बाद 90 हजार रुपए एडमिशन फीस है। इसके अलावा 26000 एनुअल मेंटीनेंस फीस को जोड़ दें तो आंकड़ा सवा लाख के लगभग बैठता है।
किस्तों में फीस जमा करने की सुविधा से राहत
राजनगर एक्सटेंशन स्थित जीडी गोयनका स्कूल में बच्चे का रजिस्ट्रेशन कराने वाली सुनीता गौतम ने बताया कि पहले एक साथ स्कूल की फीस जमा करना मुश्किल हो गया था।
अब स्कूल ने 31 हजार एडमिशन फीस को पहले और एनुअल चार्जेज 44 हजार को बाद में जमा करने की सुविधा दी है। जिससे थोड़ी राहत मिली है। एकाएक इतनी बड़ी फीस भरने की पहले बहुत टेंशन थी।
इन स्कूलों में जारी हैं रजिस्ट्रेशन
नर्सरी एडमिशन के लिए अभी महानगर के जीडी गोयनका, डीपीएस राजनगर, डीपीएसजीआई और रायन इंटरनेशनल के साथ डीडीपीएस की चारों शाखाओं, गाजियाबाद पब्लिक स्कूल, सिल्वर लाइन प्रैस्टीज स्कूल में रजिस्ट्रेशन जारी हैं।