फरीदाबाद जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में बुधवार को कोरोना को तीन नए मामले सामने आए हैं। अब शहर में कोरोना के मामले नौ हो चुके हैं। इनमें से एक कोरोना संक्रमित विदेश से घूमकर वापस आया था।
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-14 में रहने वाला 30 वर्षीय युवक 17 से 21 मई तक वियतनाम में था। इसके बाद जब वह वापस लौटा तो उसको बुखार की शिकायत थी। इसके बाद युवक ने निजी लैब से कोरोना टेस्ट कराया, जहां वह कोरोना संक्रमित पाया गया। फिलहाल युवक ने अपने आप को आइसोलेट किया हुआ है।
वहीं, दूसरा मामला सेक्टर-31 से सामने आया, जहां 44 वर्षीय युवक को पहले बुखार आया और फिर उसकी तबीयत और भी ज्यादा बिगड़ने लगी। इसके बाद युवक ने कोरोना जांच कराई। जांच में युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके अलावा तीसरा मामला ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-85 से सामने आया है। सेक्टर-85 में रहने वाला युवक कुछ दिन पहले आंध्र प्रदेश गया था। वहां से लौटने के बाद अचानक तबीयत खराब हुई। जांच के बाद युवक कोरोना संक्रमित पाया गया।
सेक्टर-31 में रहने वाले 44 वर्षीय युवक की कोरोना जांच में सकारात्मक रिपोर्ट आई थी। तीनों को होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण के वेरिएंट के लिए दो संक्रमितों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा है। जिले से अबतक पांच लोगों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल प्रबंधकों के साथ की बैठक
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में बुधवार दोपहर स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल प्रबंधकों के साथ बैठक की। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल प्रबंधकों को बैठक के दौरान जरूरी निर्देश दिए। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए सभी को कोरोना मरीजों के लिए अलग से 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, दूसरी ओर जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने निजी अस्पताल प्रबंधकों को स्पष्ट किया कि वह अपनी ओर से मरीजों में कोरोना की पुष्टि नहीं करेंगे। जब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच पड़ताल और रिपोर्ट नहीं आएगी, तब तक कोरोना की पुष्टि नहीं की जाएगी।