राजधानी में एक ओर जहां कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, वहीं कंटेनमेंट जोन की संख्या घट रही है। पिछले एक सप्ताह में 2000 से अधिक संक्रमित मिलने के बाद भी कोई भी नया कंटेनमेंट जोन नहीं बनाया गया है। इनकी संख्या भी 100 से घटकर 81 रह गई है।
दिल्ली सरकार के आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल कोरोना संक्रमितों की संख्या 7,233 है। पिछले दो सप्ताह में ही मामले दोगुना तक बढ़ गए हैं। एक दिन में रोजाना औसतन 350 नए केस आ रहे हैं। इस हिसाब से 3 मरीज मिलने के बाद क्षेत्र को कंटेनमेंट घोषित कर दिया जाता था। उस लिहाज से देखा जाए तो इनकी संख्या में बढ़ोतरी होनी चाहिए थी, लेकिन पिछले 12 दिनों में प्रशासन ने कोई भी नया रेड जोन नहीं बनाया है। इस मामले में जिला प्रशासन का कहना है कि जो क्षेत्र पहले से ही रेड जोन में हैं वहां अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इन्हीं इलाकों से ही मामले ज्यादा आ रहे हैं। इसलिए कोई नया कंटेनमेंट जोन नहीं बन रहा है।
यह है भी कारण
इस समय राजधानी में पुलिस, सशस्त्र बल और मेडिकल स्टाफ की बड़े पैमाने पर जांच की जा रही है। दिल्ली पुलिस के ही अब तक 150 जवान संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा सशस्त्र बल के भी कई जवान संक्रमित हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सुरक्षा बलों को उनके कैंपस में ही क्वारंटीन किया जाता है। वो अपने आप में कंटेनमेंट होता है। इसलिए कोई नया रेड जोन नहीं बन रहा है।
ऐसे कम हुए कंटेनमेंट जोन
30 अप्रैल : 3
01 मई : 01
03 मई : 02
04 मई : 03
05 मई : 03
06 मई : 02
10 मई : 01