राजधानी में अब कोरोना के एक्टिव मरीज फिर से बढ़ने लगे हैं। दस दिन में इन मरीजों की संख्या में करीब 1500 का इजाफा हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब रोजाना संक्रमण के जितने नए मामले आ रहे हैं उसके मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम होती जा रही है। इस कारण एक्टिव मरीज बढ़ रहे हैं। अगर यह संख्या ऐसे ही बढ़ती रही तो यह एक चिंता की बात होगी।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 4 अगस्त को एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 10 हजार से नीचे पहुंच गया था। तब संक्रमण के सक्रिय मरीजों की संख्या 9897 हो गई थी जो अब 11,366 हो गई है। यानी,10 दिन में ही 1469 मामले बढ़े हैं। जून महीने में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 25 हजार से ज्यादा थी। जो जुलाई के अंत तक घटकर 11 हजार रह गई थी और चार अगस्त को 10 हजार से नीचे पहुंच गई थी।
इस दौरान एक्टिव मरीज घटे,क्योकि जितने लोग संक्रमित हो रहे थे। उसे ज्यादा ठीक भी हो रहे थे,लेकिन अब स्थिती कुछ बदल रही है और संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम हो रही है। अब चार अगस्त से 14 अगस्त के दौरान संक्रमण के 11496 मामले आ चुके हैं और 9,882 लोग ही ठीक हुए हैं। इस दौरान 145 लोगों की मौत हुई है। वहीं, अन्य संक्रमण प्रभावित राज्यों की बात करें तो सबसे कम एक्टिव मरीज अभी भी दिल्ली में ही हैं।
दस दिन में ऐसे बढ़े एक्टिव मरीज
तारीख - एक्टिव मरीज
4 अगस्त 9897
5 अगस्त 10072
6 अगस्त 10348
7 अगस्त 10409
8 अगस्त 10667
9 अगस्त 10729
10 अगस्त 10346
11 अगस्त 10868
12 अगस्त 10946
13 अगस्त 10975
14 अगस्त 11366
टॉप पांच राज्यों में एक्टिव मरीज
राज्य - एक्टिव मरीज
1.महाराष्ट्र 1,50,105
2.तमिलनाडु 53,499
3-आंध्र प्रदेश 90,780
4-कर्नाटक 78,345
5-दिल्ली 11,366( सबसे कम)
नोट- सभी आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट से लिए गए हैं।