मृतक बच्चे की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी शादी ढाना निवासी साहिल के साथ हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही उनका पति उनके साथ मारपीट करता था और आए दिन घरेलू कलह बनी रहती थी। कुछ दिन पहले भी आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया, जिसके बाद वह अपने मायके में दो बच्चों के साथ रहने लगी।
उनका तीसरा बच्चा मनसेफ अपने पिता के पास ही रह रहा था। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है और उसी ने बच्चे को नशीला पदार्थ पिला दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की मां, यानी बच्चे की दादी, भी इस मामले में शामिल है और बच्चे की देखभाल के बजाय उसे प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की बारीकी से छानबीन की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्य और स्पष्ट होंगे। फिलहाल आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।