दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल प्वाइंट 30.900 के पास बुधवार देर रात सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लक्ष्मी राम व उनकी पत्नी कुसुमलता निवासी कोटापुरियान का पुरा, हिण्डौन सिटी जिला करौली (राजस्थान) के रूप में हुई है। दोनों वैगनआर कार से दिल्ली जा रहे थे।
हादसे ने सरकार के उन दावाें की पोल भी खोलकर रख दी जिसमें एक्सप्रेसवे पर सीसीटीवी कैमरे, पुलिस व एनएचएआई के लगातार गश्त की बात कही जाती है। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को सुबह करीब आठ बजे मिली। अस्पताल में न पहुंचाने के कारण दोनों रातभर घटनास्थल पर ही तड़पते रहे और दम तोड़ दिया। इस दौरान न तो उन तक नेशनल हाईवे अथॉरिटी की कोई पेट्रोलिंग पार्टी पहुंची और न ही एंबुलेंस।
परिजन देवी सिंह ने तहरीर में बताया कि शाम करीब 7 बजे उनका बेटा-बहू कार से दिल्ली गए थे। रात को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों की मौत हुई। कहा कि रातभर दोनों के मोबाइल पर कॉल करते रहे।
पति के साथ था पत्नी का शव
गाड़ी को लक्ष्मी राम चला रहे था जबकि उसकी पत्नी कुसुमलता साइड सीट पर बैठी थी। जिस समय पुलिस ने शवों को गाड़ी से निकाला उस समय पति की बाहों में उनकी पत्नी का शव था। आशंका है कि दुर्घटना के बाद पहले पत्नी की मौत हुई। पति ने गाड़ी से बाहर निकलने का प्रयास किया होगा, लेकिन जब वो सफल नहीं पाए तो साइड सीट पर बैठी पत्नी तक पहुंचे और उसे अपनी बाहों में ले लिया होगा। उसके बाद उनकी भी मौत हो गई।