नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के जखोपुर गांव में साइबर ठगी के एक आरोपी को पकड़ने पहुंची सीआईए पुन्हाना की टीम पर आरोपी के परिजनों ने पथराव कर दिया। इस घटना में दो से तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पुन्हाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, सीआईए पुन्हाना की टीम एक साइबर ठगी मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की लोकेशन जखोपुर गांव में मिली। मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए सीआईए की टीम दो वाहनों में सवार होकर आरोपी अमजद पुत्र हुरमत को गिरफ्तार करने गांव पहुंची। पुलिस को मोबाइल नंबर की लोकेशन गांव की एक दुकान पर दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने दुकान पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद एक युवक को हिरासत में ले लिया। साथ ही उसके कब्जे से करीब छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। युवक को हिरासत में लेते ही उसके परिजन मौके पर एकत्र हो गए और विरोध करते हुए टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पथराव में पुलिसकर्मी राजीव के सिर में चोट आई है।