नूंह-होडल रोड पर दर्दनाक हादसा
- फोटो : अमर उजाला
नूंह-होडल रोड पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन माह के मासूम की मौत हो गई। हादसा पेप्सी कंपनी के पास हुआ, जहां चलती बाइक पर मां की गोद से बच्चा अचानक सड़क पर गिर गया।
पुलिस के अनुसार, पलवल जिले के रूपडाका गांव निवासी इम्तियाज अपनी पत्नी नजमा और तीन माह के बच्चे के साथ शाहपुर नंगली गांव जा रहे थे। पेप्सी कंपनी के पास अचानक बच्चा मां की गोद से उछलकर सड़क पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के दौरान पीछे से ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी आ रही थी। चालक ने सड़क पर गिरे बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बच्चे की मां नजमा भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल नजमा को उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है। जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह भेजा गया है। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।