तावडू की चार पंचायतों के तालाबों का होगा निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। उपमंडल की चार ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर योजना के तहत निर्मित तालाबों के कार्यों में अनियमितताओं और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के मामले में प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद एवं डीआरडीए, नूंह के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है, जो संबंधित अमृत सरोवरों का स्थलीय निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
जारी आदेशों के अनुसार ग्राम पंचायत सेवका, भाजलाका, चिलावली और सिलखो में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों को लेकर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, तावडू द्वारा निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच के लिए उपमंडल अधिकारी तावडू की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है, जिसमें खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, तावडू तथा सिंचाई विभाग के उपमंडल अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। कमेटी को निर्देश दिए गए हैं कि वह संबंधित अमृत सरोवरों का मौके पर निरीक्षण कर कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता एवं मात्रा, हुए खर्च और जारी भुगतानों का सत्यापन करे। साथ ही यदि किसी प्रकार की कमी, अनियमितता, लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन के तथ्य सामने आते हैं तो उनकी जिम्मेदारी भी निर्धारित की जाएगी।
जांच के दौरान आवश्यक अभिलेख, अनुमान, माप पुस्तिकाएं तथा भुगतान संबंधी रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के लिए पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता को भी निर्देशित किया गया है। उपमंडल अधिकारी द्वारा कमेटी के सदस्यों को 9 जुलाई को कार्यालय में उपस्थित होकर निरीक्षण संबंधी कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा सके। उल्लेखनीय है कि इन चार पंचायतों में अमृत सरोवर योजना के तहत हुए निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप समय-समय पर चर्चा में रहे हैं।