फिरोजपुर झिरका। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस ने साकरस गांव में हुई बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गांव के ही युवक रिहान उर्फ मित्ता को गिरफ्तार कर चोरी की रकम में से 70 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पीड़ित जमशेद निवासी साकरस ने शिकायत में बताया था कि वह घर के आगे दुकान चलाता है और शादी-विवाह में किराये पर देने के लिए 500-500 रुपये के नोटों की दो मालाएं बनाकर घर में रखता था। इनकी कीमत करीब दो लाख रुपये थी। 23 जुलाई की रात परिवार सहित सोने के दौरान अज्ञात चोर कमरे से दोनों मालाएं चुराकर फरार हो गया। सुबह परिजनों ने चोरी का पता लगाया और पुलिस को सूचना दी।
मामले की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें चोर की गतिविधियां कैद मिलीं। जांच में सामने आया कि वारदात में गांव का ही रिहान उर्फ मित्ता शामिल है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने चोरी स्वीकार कर ली।
रिहान ने बताया कि दो मालाओं में से 1 लाख 30 हजार रुपये मुंबई में मौज-मस्ती और खाने-पीने में खर्च कर दिए, जबकि शेष 70 हजार रुपये गांव में छिपा रखे थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 70 हजार रुपये बरामद कर लिए।
जिला पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।