संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। शहर के वार्ड नंबर 8, 9 और 10 में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने से नाराज लोगों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ पुन्हाना जुरहेडा रोड पर दल्ला बास मोड़ पर जाम लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन, सरकार और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द जल समस्या के समाधान की मांग उठाई। करीब 45 मिनट तक चले रोड जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि वार्ड नंबर 8, 9 और 10 में पिछले तीन वर्ष से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। करीब 15 दिनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप्प है। समस्या को लेकर उन्होंने कई बार जन स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।सुबह तकरीबन 11 बजे महिला, पुरुष और युवा दल्ला बास मोड़ पर एकत्रित होने लगे और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सुमित वर्मा के खिलाफ भी नारेबाजी की। उनका कहना था कि एसडीओ सुमित वर्मा लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते। पूरे शहर में पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है।
जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुंदन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। इसके साथ ही जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि तकरीकी खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। शहर में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति की जाएगी। फिलहाल विभागीय अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोल दिया, लेकिन क्षेत्रवासी अब जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
नलों में पानी नहीं आने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट और भी गंभीर हो गया है लेकिन विभाग के अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे है।
बीना, स्थानीय निवासी
जल संकट के कारण घरों में पीने के पानी के साथ-साथ अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
कुसुम, स्थानीय निवासी
तीनों वार्डो में अनुसूचित जाति के लोग रहते है, लंबे समय से पानी नहीं मिलने की शिकायत की जा रही है लेकिन स्थानीय प्रशासन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेता। पानी नहीं मिलने से लोग काफी परेशान है।
धर्मपाल बख्शी
शहर की पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए पिछले कुछ वर्षो में करोडो रूपये खर्च किए गए। पानी की नया चैंबर भी बनाया गया लेकिन शहर की पानी की व्यवस्था दुरूस्त नहीं हुई।’’
सुनीता, स्थानीय निवासी
मुख्य बूस्टर स्टेशन पर बिजली नहीं आने के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। इसके अलावा पिछले दिनों मढियाकी में मोटर रिपेयरिंग के चलते चार पांच दिनों तक पेयजल आपूर्ति बाधित रही थी। व्यवस्था को दुरूस्त किया जा रहा है जल्द ही निर्बाध रूप से पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
सुमित वर्मा, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग पुन्हाना