कैटेगरी ए बालक वर्ग में नवीन राठी ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया
बालिका वर्ग में आयशा गुप्ता ने अंतिम दौर में शानदार प्रदर्शन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। क्षेत्र के सराय कोटा में स्थित आईटीसी क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आयोजित 25वें एनसीआर कप जूनियर एवं एमेच्योर गोल्फ टूर्नामेंट 2026 का भव्य समापन हुआ। दिल्ली गोल्फ सोसाइटी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से 160 से अधिक जूनियर और एमेच्योर गोल्फरों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सिल्वर जुबली वर्ष में आयोजित इस टूर्नामेंट ने भारतीय जूनियर गोल्फ के विकास को नई दिशा देने का काम किया।
जानकारी के मुताबिक, तीन दिन तक चले मुकाबलों में एमेच्योर, कैटेगरी ए और बी के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। कैटेगरी ए बालक वर्ग में नवीन राठी ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। उन्होंने कुल 215 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। अनस खान दूसरे और अंश दुबे तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में आयशा गुप्ता ने अंतिम दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए 221 के कुल स्कोर के साथ चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। एमेच्योर पुरुष वर्ग में रौनिक ने प्रभावशाली खेल दिखाते हुए खिताब जीता, जबकि एमेच्योर महिला वर्ग में दिया बराड़ ने प्लेऑफ में प्रीतिशा गिल को हराकर जीत दर्ज की।
कैटेगरी बी में साक्षित्य पुरेंदरे और अनुष्का गुप्ता ने क्रमशः बालक और बालिका वर्ग के खिताब अपने नाम किए। युवा खिलाड़ियों की कैटेगरी सी, डी और ई में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कैटेगरी सी बालक वर्ग में अरुश ने अंतिम दिन 5 अंडर पार 67 का बेहतरीन राउंड खेलते हुए शानदार वापसी कर खिताब जीता। बालिका वर्ग में उन्नति सिंह ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। कैटेगरी डी और ई के खिलाड़ियों ने भी अपने कौशल से दर्शकों और अधिकारियों को प्रभावित किया। दिल्ली गोल्फ सोसाइटी ने पिछले 25 वर्षों में जूनियर गोल्फ को बढ़ावा देने, प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। टूर्नामेंट के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।