संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर के
बांस मोहल्ले के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने ई-रिक्शा, बाइक और पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार महिला समेत चार लोग घायल हो गए। आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा के अनुसार अहरवां गांव निवासी सुनील कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह हथीन मोड़ से ई-रिक्शा में सवार होकर ड्यूटी के लिए अंबेडकर कॉलेज जा रही थी। सुबह करीब 8:30 बजे बांस मोहल्ले के पास सामने से आई सफेद ब्रेजा ने ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद कार ने बाइक और पैदल जा रही महिला को भी चपेट में ले लिया। हादसे में सुनील कुमारी, ई-रिक्शा चालक हीरालाल, बाइक सवार महेश और राहगीर रामबती घायल हुए। घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। सुनील कुमारी को बाद में फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार चालक की पहचान हथीन के हुचपुरी गांव निवासी खालिद के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की शुरू कर दी है।