संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। सावन के पहले सोमवार को प्रस्तावित ब्रजमंडल यात्रा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगीना थाना पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी उद्देश्य से नगीना थाना परिसर में क्षेत्र के करीब 35 से 40 गांवों के सरपंचों और गणमान्य लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आपसी भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी अजयवीर ने सभी मौजिज लोगों से अपने-अपने गांवों में शांति और सौहार्द का संदेश फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन यात्रा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि यात्रा मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। एहतियात के तौर पर मुख्य मार्ग स्थित बडकली चौक और आसपास की मीट तथा शराब की दुकानों को यात्रा के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जाटका शीशवाना के सरपंच वसीम अहमद ने कहा कि मेवात की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे से रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्थानीय ग्रामीण ब्रजमंडल यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।