नूंह। फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खान ने भादस–शादीपुर सड़क की गुणवत्ता को लेकर सड़क एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। करीब डेढ़ माह पहले 27 मई को तैयार हुई इस सड़क के कई स्थानों पर उखड़ने और क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें मिलने पर विधायक ने कार्यकारी अभियंता प्रदीप सिंह संधू के साथ सड़क का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सड़क में कई तकनीकी कमियां सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराने और सभी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। विधायक मामन खान ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता मानकों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और तय मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संवाद