निहारका-चितौरा के पास हादसा, 7 यात्री घायल, राजस्थान से दिल्ली जा रही थी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में निहारका-चितौरा के पास चैनल नंबर-59 के निकट एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, जबकि आसपास के लोगों और राहगीरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में 7 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, बस शनिवार दोपहर करीब एक बजे राजस्थान से दिल्ली की ओर जा रही थी। निहारका-चितौरा के पास अचानक चालक का बस से संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई। पलटते ही बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री मदद के लिए चिल्लाने लगे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालक तुरंत मौके पर पहुंच गए। बस के दरवाजे जाम होने के कारण लोगों ने शीशे तोड़कर एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू हुआ और किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया।
सूचना मिलने पर सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य को अपने हाथ में लिया। घायल 7 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात भी सामान्य कराया।
थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने के कारण हादसा होना सामने आया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।