17 अगस्त को घोषित अवकाश में बच्चों को बुलाने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। हरियाणा सरकार की ओर से 17 अगस्त को घोषित अवकाश के बावजूद क्षेत्र के कई निजी स्कूल खुले रहे। अब सरकारी आदेश की अनदेखी कर विद्यार्थियों को स्कूल बुलाने वाले संस्थानों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल संचालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी बाल कृष्ण ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि सरकारी अवकाश के बावजूद संचालित किए गए निजी स्कूलों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्राथमिक जांच में एचएलएम स्कूल और सनसिटी पब्लिक स्कूल, भादस समेत कुछ अन्य निजी शिक्षण संस्थानों के नाम सामने आए हैं। विभाग की ओर से इन विद्यालयों की गतिविधियों और अवकाश के दिन स्कूल संचालित किए जाने से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।
शिक्षा विभाग संबंधित स्कूलों की सूची तैयार कर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया में जुटा है। जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सरकारी आदेश के बावजूद स्कूल खुलने से अभिभावकों में भी नाराजगी है। अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्तर पर घोषित अवकाश का पालन सभी शिक्षण संस्थानों को करना चाहिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर इन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।