डीएचबीवीएन की सख्ती, तावडू में बढ़ी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली चोरी और बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ तावडू क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को मेगा छापेमारी अभियान चलाया। उपमंडल तावडू के अंतर्गत यह अभियान सुबह से दोपहर तीन बजे तक प्रभावी रूप से संचालित किया गया, जिसमें विजिलेंस टीम गुरुग्राम, सोहना व तावडू, उपमंडल कार्यालय एवं फील्ड स्टाफ तथा हरियाणा स्टेट एनफोर्समेंट ब्यूरो के पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभियान सक्षम प्राधिकारी के निर्देशानुसार और उच्च अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
इस विशेष कार्रवाई के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। पहली टीम का नेतृत्व विजिलेंस उप मंडलाधिकारी शिप्रा गौतम ने किया, दूसरी टीम विजिलेंस उप मंडलाधिकारी सुरेश रुहिल के नेतृत्व में कार्यरत रही, जबकि तीसरी टीम का नेतृत्व उप मंडलाधिकारी डीएचबीवीएन तावडू ब्रह्म प्रकाश ने किया। टीमों ने नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 100 से अधिक परिसरों की जांच की, जिसमें बिजली चोरी के 35 से अधिक मामले सामने आए। जांच में लगभग 78 किलोवाट का अनधिकृत भार पाया गया और कुल मिलाकर करीब 16 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यह अभियान ग्वारका, हसनपुर, कोटा, खोरी, सुनारी, बूराका, चीला, पचगांव, जौरासी सहित कई गांवों व क्षेत्रों में चलाया गया। एसडीओ ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बिजली चोरी पर अंकुश लगाना, शीतकाल के दौरान 11 केवी फीडरों पर ओवरलोडिंग रोकना और उपभोक्ताओं को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी एक दंडनीय अपराध है, जिससे न केवल निगम को राजस्व हानि होती है बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं को भी बार-बार बिजली कटौती और तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बिजली निगम ने आमजन से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिलों का भुगतान करें, केवल अधिकृत कनेक्शन का ही उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। निगम ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में भी बिजली चोरी करने वालों और बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध ऐसे विशेष जांच व प्रवर्तन अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।
फोटो:- कार्रवाई के दौरान बिजली निगम की टीम।