दिल्ली में धमाके के बाद जिले में चला सघन चेकिंग अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। दिल्ली में हुए धमाके के बाद पूरे हरियाणा में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। विशेषकर दिल्ली से सटे जिले नूंह, फरीदाबाद, पलवल व गुरुग्राम में पुलिस-प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। जिला पुलिस ने दिल्ली में धमाके के बाद से ही सोमवार देर रात से लेकर पूरा दिन मंगलवार को कई जगह पर दबिश दी और नाकों पर वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों व बाहरी वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
फरीदाबाद के धौज व फतेहपुर तगा गांव से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ पकड़े जाने के बाद मेवात में संदिग्ध जांच एजेंसियों की रडार पर है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिले के नूंह, पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका व तावडू खंड के दर्जनों गांवों से धौज व फतेहपुर तगा में दोस्ती व रिश्तेदारियां हैं। साथ ही यह क्षेत्र दिल्ली व फरीदाबाद की सीमाओं से जुड़े हैं। इस कारण से जांच एजेंसियों ने इस इलाके को विशेष निगरानी में रखा है। खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है और लगातार स्थानीय पुलिस के साथ जानकारी साझा कर रहा है। पुलिस प्रवक्ता के ने बताया कि जिले में नाकाबंदी कर वाहनों की लगातार जांच की गई। पुलिस ने कई जगह संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष गश्त बढ़ा दी है। थाना स्तर पर टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है।
लोगों में दहशत और गुस्सा
दिल्ली में हुए धमाकों की खबर फैलते ही मेवात सहित आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। लोगों ने आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसे कृत्य देश की शांति और एकता को तोड़ने की साजिश हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच एजेंसियां ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई करें। जिला प्रशासन ने कहा है कि लोगों को अफवाहों से दूर रहना चाहिए और सहयोग बनाए रखना चाहिए। जांच एजेंसियां पूरी सक्रिय हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पर्याप्त संख्या में तैनात किया गया है।