नूंह। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शुक्रवार देर रात नूंह की पुरानी अनाज मंडी (दिलवालयान गंज) का दक्षिणी प्रवेश द्वार गिर गया। समय पर वहां कोई मौजूद न होने से बड़ा हादसा टल गया। दिन के समय इस द्वार के नीचे से हजारों लोग निकलते हैं और आसपास की दुकानों पर भी भीड़ रहती है।
स्थानीय लोगों नरेंद्र, संदीप गर्ग, अनिल उर्फ बिट्टू, अशोक गर्ग उर्फ पिंटू का कहना है कि यदि यह दिन में गिरता, तो कई लोगों की जान को खतरा हो सकता था। यह प्राचीन द्वार आजादी से पहले दिल्ली से आए दिलवाली खानदान के बुजुर्गों द्वारा बनवाया गया था। यह परिवार दिलवालयान गंज का संस्थापक भी माना जाता है।
शहरवासियों ने नगर परिषद से इस ऐतिहासिक द्वार को न केवल पुनर्निर्मित करने, बल्कि और भव्य रूप देने की मांग की है। एडवोकेट गौरव गुप्ता ने कहा कि द्वार जल्द ही पुनर्निर्मित कराया जाएगा और यह नूंह की विरासत और शान का प्रतीक है। प्रस्ताव पास कर टेंडर के जरिए इसका निर्माण करवा लिया जाएगा।