पुन्हाना। सर्राफ की दुकान में लूट की कोशिश करने वाले बदमाश आबिद उर्फ अहमद पुत्र ईशाक निवासी बुलंदशहर को शहर थाना पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से उसके साथी आमिर के ठिकानों और वारदात से जुड़ी अन्य कड़ियों की पूछताछ करेगी।
डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि आबिद और आमिर ने शुक्रवार को नवीन वर्मा की दुकान में देशी तमंचे के बल पर लूटपाट की कोशिश की। बहादुर दुकानदार ने लोगों की मदद से आबिद को पकड़ लिया, जबकि आमिर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और जेल में मिलने के बाद पुन्हाना में वारदात को अंजाम दिया। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।