नूंह। सदर थाना क्षेत्र के गांव ढेकली से जलालपुर जाने वाले रास्ते के पास जंगल में गोकशी की तैयारी कर रहे चार आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से रस्सियों से बंधी एक गाय बरामद की है। पुलिस के अनुसार, एसआई सुखबीर सिंह अपराधों की रोकथाम और गश्त के दौरान गुरुग्राम कैनाल पुल, नूंह-होडल रोड पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि ढेकली निवासी इस्ताक, मौसिम, कयूम उर्फ काला और असफाक गोकशी कर गोमांस बेचने का काम करते हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी तो चारों आरोपी गाय के मुंह और पैर रस्सियों से बांध रहे थे। दो आरोपियों के हाथ में छुरी और कुल्हाड़ी थी। पुलिस वाहन की लाइट देखते ही चारों आरोपी हथियारों सहित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने गाय को मुक्त कर कब्जे में लिया और घटना की वीडियोग्राफी भी करवाई। संवाद