फोटो कैप्शन: पुलिस लाइन नूंह में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण करते उपायुक्त अखिल पिलानी।
फोटो-2: मार्च पास्ट की टुकड़ियों का निरीक्षण करते उपायुक्त अखिल पिलानी।
फोटो-3: परेड की सलामी लेते उपायुक्त अखिल पिलानी।
फोटो-4: फाइनल रिहर्सल में देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत करते स्कूली विद्यार्थी।
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। आजादी के पर्व को लेकर नूंह में तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल हुई। मैदान में बैंड की धुन, कदमताल करती टुकड़ियां और देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ऐसा माहौल बनाया, मानो 15 अगस्त का मुख्य समारोह पहले ही शुरू हो गया हो। उपायुक्त अखिल पिलानी ने ध्वजारोहण कर रिहर्सल की शुरुआत की और परेड की सलामी ली।
रिहर्सल से पहले उपायुक्त अखिल पिलानी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। इसके बाद उन्होंने परेड ग्राउंड पहुंचकर मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
15 अगस्त को सांसद कार्तिकेय होंगे मुख्य अतिथि
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को पुलिस लाइन नूंह में आयोजित होगा। समारोह में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
फाइनल रिहर्सल में हरियाणा पुलिस, हरियाणा महिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी गर्ल्स तथा स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। बैंड की धुन पर अनुशासित कदमताल करते जवानों और विद्यार्थियों ने समारोह की भव्यता की झलक दिखा दी। उपायुक्त ने सभी टुकड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
बच्चों ने दिखाया देशभक्ति का रंग
समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने हरियाणवी नृत्य, समूह नृत्य, देशभक्ति गीत और कालबेलिया नृत्य के जरिए रंग जमाया। कंट्री ग्रामर स्कूल ने जय हरियाणा, हिंदू विद्या निकेतन स्कूल ने डांस विद योगा, वेल्फेयर संस्थान नगीना ने जलवा तेरा, जलवा जलवा तथा एक्मे इंटरनेशनल स्कूल आटा ने देशभक्ति गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया।
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल ने कालबेलिया नृत्य, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उजीना और नूंह ने देशभक्ति कार्यक्रम, जबकि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। जवाहर नवोदय विद्यालय बाई के विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों ने अनेकता में एकता का संदेश दिया।
बेहतर काम करने वालों को मिलेगा सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली सामाजिक संस्थाओं, खिलाड़ियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उपायुक्त ने जिलावासियों से बड़ी संख्या में समारोह में पहुंचने और राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाने की अपील की।
उपमंडलों में भी होगी ध्वजारोहण की तैयारी
फिरोजपुर-झिरका उपमंडल में हैफेड के अध्यक्ष सुभाष बंसल, तावड़ू में जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद और पुन्हाना उपमंडल में विधायक इलियास मोहम्मद ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।
फाइनल रिहर्सल के दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसडीएम नूंह कंवर आदित्य विक्रम, नगराधीश अप्रितम सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, एफएलएन को-ऑर्डिनेटर कुसुम मलिक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।