नूंह। भारी बारिश के कारण नूंह जिले में जलभराव की समस्या विकराल रूप ले रही है। कांग्रेस विधायक चौधरी आफताब अहमद ने फरीदाबाद मंडलायुक्त संजय जून से मुलाकात कर स्थिति पर चिंता जताई और तेज व ठोस कदम उठाने की मांग की। विधायक ने बताया कि नूंह में लगभग 5000 एकड़ भूमि जलमग्न है, जिसमें खेत, स्कूल, कब्रिस्तान, श्मशान और सरकारी भवन शामिल हैं, और जलभराव से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने केवल क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलने को पर्याप्त न मानते हुए विशेष गिरदावरी कर वास्तविक मुआवजा देने की अपील की। मंडलायुक्त ने आश्वासन दिया कि जल निकासी पर प्रयास तेज होंगे और क्षतिपूर्ति पोर्टल 189 गांवों के लिए 15 सितंबर तक खुला रहेगा। इससे पहले विधायक ने नूंह शहर का दौरा कर जल निकासी की त्वरित कार्रवाई की मांग रखी। संवाद