नूंह। नगीना खंड के गांव घागस में बुधवार शाम ‘आओ जड़ों से जुड़ें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मेवात की गंगा-जमुनी तहजीब और हिंदू-मुस्लिम एकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में आसपास के 12 गांवों के लोग शामिल हुए। मुख्य अतिथि श्यामसुंदर ने कहा कि मेवात में आज भी भात-छूछक जैसी परंपराएं बिना धर्म-भेद के निभाई जाती हैं, जो क्षेत्र के मजबूत भाईचारे की पहचान है। मुख्य वक्ता शिव कुमार आर्य ने कहा कि मेवात जैसा सौहार्द देश-दुनिया में दुर्लभ है और लोग हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। कार्यक्रम में रामनवमी, ईद-उल-फितर और शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में सभी ने आपसी प्रेम, सौहार्द और विकास में सहयोग का संकल्प लिया। इस मौके पर चौधरी आस मोहम्मद जमादार, महावीर सरपंच, ताराचंद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद