पुन्हाना। तिगांव रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 8 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को पहले पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल मांडीखेड़ा और बाद में नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मामले में पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में गांव जैतलका निवासी मुरसलीन ने बताया कि 21 मार्च को वह अपनी 8 वर्षीय बेटी सनाया के साथ बडेड़ मोड़ से पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चांदडाका गांव की तरफ से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनकी बेटी सनाया बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को पुन्हाना अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल मांडीखेड़ा रेफर कर दिया, जहां से आगे बेहतर इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुन्हाना सदर थाना पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संवाद