पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि करीब एक माह पहले एक युवक उससे मोबाइल के जरिये संपर्क में आया। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर उसे अपने साथ ले गया। युवती का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। इसके बावजूद आरोपी ने अपने साथियों की मदद से उसे विभिन्न स्थानों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उसे कुछ दिनों तक अपने कब्जे में रखा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया तथा किसी को जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
युवती ने आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ भी पिलाया गया और डराकर रखा गया। पीड़िता ने बताया कि किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर वह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुन्हाना पुलिस ने इस मामले में इखलास, जुबेर व कमालू के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी सुनील देवी का कहना है कि शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।