जिले के एक नाके पर पुलिस चेकिंग और कांग्रेस जिला अध्यक्ष के निवास और कार्यालय पर पुलिस की पहरेद
एक्टिविस्टों पर भी पुलिस और खुफिया विभाग की निगरानी, नाकों पर होती रही चेकिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार प्रस्तावित कांग्रेस और विपक्ष के संयुक्त विरोध प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा पुलिस ने प्रदेश सहित नूंह जिले में शनिवार को निगरानी बढ़ा दी गई। शुक्रवार देर शाम से ही पुलिस और खुफिया विभाग की टीमें एक्टिविस्ट और विपक्षी नेताओं पर नजर रही। जिला पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहीदा खान को उनके कार्यालय और निवास स्थान पर तावड़ू सदर और शहर थाना पुलिस भेजकर हाउस अरेस्ट कर लिया। इसके साथ ही सीएलपी नेता महताब अहमद को भी हाउस अरेस्ट किया गया। वहीं एनएसयुआई जिला अध्यक्ष कैफ गोरवाल व युवा कांग्रेस नूंह जिला अध्यक्ष मुबीन खान तेडिया को भी हाउस अरेस्ट किया गया।
कांग्रेस के एक अन्य नेता के घर पर भी पुलिस तैनात कर दी गई। तावड़ू से गुरुग्राम की ओर जाने वाले सभी रास्तों और सीमाओं पर पुलिस नाके लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाता रहा। पुलिस की इस कार्रवाई पर सीएलपी नेता महताब अहमद ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार युवाओं से डर गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहीदा खान ने कहा कि उनके लोकतांत्रिक अधिकार को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन देश की जनता अब जाग चुकी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूती से यह लड़ाई लड़ रही है। वहीं इससे पहले नूंह पुलिस ने एक संदेश जारी कर कहा था कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर भारतीय न्याय संहिता के तहत धारा 163 लागू है, वहां जाना प्रतिबंधित है। रात भर पुलिस अधिकारी और खुफिया विभाग पूरी तरह सक्रिय रहे। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है। एक युवक ने शुक्रवार को सीसीटीवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दावा किया था कि पुलिस उसकी निगरानी कर रही है।