पिनगवां। लाहबास गांव में बुधवार को तेज रफ्तार एक बेकाबू कार गांव के स्वागत बोर्ड से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा के वक्त कार चालक पिनगवां से गांव पापड़ा जा रहा था। कार चालक की पहचान फाजिल हुसैन निवासी पापड़ा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन सीधे बोर्ड से जा टकराया।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और चालक को कार से बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि चालक को गंभीर चोट नहीं आई। कार चालक ने बताया कि लाहबास गांव के मोड़ के पास एक ऑटो चल रहा था जिससे साइड लेने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल गए जिसके कारण ज्यादा चोट नहीं आई बल्कि हाथों में हल्की चोट लगी है। संवाद