संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। खंड के गांव पलड़ी में पेयजल संकट को लेकर 2 जुलाई को प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर दिखाई देने लगा है। खबर के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और शुक्रवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने मुख्य पाइपलाइन पर लगे अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।
सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद तसलीम ने बताया कि मुख्य पाइपलाइन पर बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन होने के कारण गांव के अधिकांश हिस्सों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इसके चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और पीने के पानी के लिए 1,500 रुपये तक में टैंकर खरीदने पड़ रहे थे।
विभाग के जेई परवेज ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक करीब 80 अवैध जल कनेक्शन जेसीबी की मद्द से काटे जा चुके हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, ताकि गांव में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए अमर उजाला का भी आभार जताया, जिसकी खबर के बाद समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।