फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nuh News: गो तस्करों के खिलाफ नूंह पुलिस का ऑपरेशन जारी, मुठभेड़ में एक गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
तीन गाय, कट्टा और कारतूस बरामद, आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू
विज्ञापन



संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह जिले में गो तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिरोजपुर झिरका के रावली बांध क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस का दावा है कि तस्करों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में एक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान अगोन निवासी जमशेद के रूप में हुई है। मौके से तीन गाय, एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फिरोजपुर झिरका सीएस स्टाफ प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र के नेतृत्व में टीम रावली बांध क्षेत्र में गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गो तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि तस्करों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी जमशेद के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
विज्ञापन


मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से तीन गाय, एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था, उसका आपराधिक रिकॉर्ड क्या है और गो-तस्करी के नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका रही है।


गोतस्करों के खिलाफ लगातार जारी है अभियान
नूंह पुलिस पिछले कुछ महीनों से गो तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 2 जून को नूंह-तावडू सीआईए और फिरोजपुर झिरका पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी के दौरान गोवंश से भरे एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया था। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने नाकाबंदी तोड़कर भागने और पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में एक आरोपी के पैर में गोली लगी थी।


21 जून को सलम्बा-पलवल रोड पर भी हुई थी मुठभेड़
21 जून को सीआईए नूंह टीम ने सलम्बा-पलवल रोड पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद नाकाबंदी की थी। पुलिस के अनुसार, वाहन रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पिनगवां निवासी नगीन के पैर में गोली लगी थी, जबकि उसके खिलाफ भी गो तस्करी से जुड़े मामलों की जांच शुरू की गई थी।


मई और जून में कई बार हुई पुलिस-तस्करों की भिड़ंत
-इससे पहले 19 मई को नूंह-उटावड़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास अपराध जांच शाखा की टीम और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस कार्रवाई में उटावड़ निवासी हमास खान के दोनों पैरों में गोली लगी थी और उसके कब्जे से देसी कट्टा, खाली खोल और कारतूस बरामद किए गए थे।

-9 जून को पुन्हाना क्षेत्र में बॉडी कोठी के पास हुई मुठभेड़ में मध्य प्रदेश के मांदोसर निवासी असलम के बाएं पैर में गोली लगी थी। उस कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन, देसी कट्टा, कारतूस और पांच गोवंश बरामद किए थे, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया था।
विज्ञापन


7 मई को तावडू रोड स्थित पहाड़ी क्षेत्र में रिपीटर नाका के पास हुई मुठभेड़ में नफीस और मुबारक नामक दो गो तस्कर घायल हुए थे।

जिले में गो तस्करी व साइबर अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी से अपील है कि इन अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का सहयोग करें। गो तस्कराें की सूचना पुलिस को दें, जिससे समय रहते अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके।
- अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक नूंह
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें