मां की डांट के बाद घर से निकला किशोर
पुलिस को दी गई शिकायत में गांव जैतलका निवासी कादर ने बताया कि बीती 26 जून को उनकी पत्नी ने अपने 16 वर्षीय बेटे हासमदीन को गुटखा खाते हुए देख लिया था। बेटे को गलत लत में पड़ता देख मां ने उसे कड़ी फटकार लगाई और कहा कि वह इसकी शिकायत उसके पिता से करेंगी। परिजनों के मुताबिक, पिता की डांट और डर के कारण किशोर उसी दिन बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप घर से निकल गया।
आखिरी लोकेशन जयपुर की मिली
घटना के अगले दिन यानी 27 जून को हासमदीन ने किसी अपरिचित व्यक्ति के मोबाइल फोन से गांव मलूका निवासी सलीम को कॉल किया था। फोन पर उसने बताया कि वह इस समय जयपुर (राजस्थान) पहुंच चुका है। हालांकि, उस बातचीत के बाद से ही वह फोन नंबर लगातार बंद आ रहा है और परिवार का हासमदीन से दोबारा कोई संपर्क नहीं हो सका है।
पुलिस कर रही तकनीकी जांच
परिजनों ने अपने स्तर पर जयपुर, गुरुग्राम, मानेसर सहित अपने सभी रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर किशोर की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। मामले की जांच कर रहे अधिकारी भूपेन्द्र ने बताया कि पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। किशोर की तलाश के लिए आसपास के जिलों और राज्यों की पुलिस को सूचना भेज दी गई है। इसके साथ ही तकनीकी सेल (साइबर टीम) की मदद से उस मोबाइल नंबर की लोकेशन और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही किशोर को सकुशल ढूंढ लिया जाएगा।