मृतक की पहचान गांव पटाकपुर निवासी 27 वर्षीय आमिर खान पुत्र अकबर के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने जंगल में पेड़ से शव लटका देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए।
घटना को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक आमिर के चाचा कय्यूम, खालिद, फारुख का आरोप है कि आमिर खान की हत्या करने के बाद शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
आमिर खान तरबूज बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सबसे मार्मिक बात यह है कि उसके घर महज 11 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। नवजात की किलकारियों के बीच अचानक आई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
जांच अधिकारी शीशपाल का कहना है कि अभी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, शिकायत के बाद कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।