संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। रबी विपणन सीजन-2026 के दौरान जिला नूंह की मंडियों में सरसों, गेहूं व अन्य कृषि उपज की अवैध जमाखोरी, भंडारण और मंडी शुल्क चोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड पंचकूला के निर्देशानुसार जिला एवं उपमंडल स्तर पर निरीक्षण कमेटियों का गठन किया है। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने बताया कि जिला स्तरीय कमेटी उनके नेतृत्व में कार्य करेगी, जबकि नूंह, पुन्हाना, तावड़ू और फिरोजपुर झिरका में एसडीएम की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय टीमें बनाई गई हैं। इन कमेटियों में पुलिस, राजस्व, खाद्य एवं आपूर्ति, हैफेड व एचएसडब्ल्यूसी के प्रतिनिधि शामिल किए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी टीमें नियमित निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।