-डीयू के नॉर्थ कैंपस में हुई लोकतंत्र के लिए दौड़ विषय पर मैराथन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। एनएसयूआई ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के नॉर्थ कैंपस से स्थापना दिवस सप्ताह की शुरुआत की है। रविवार को कैंपस लोकतंत्र के लिए दौड़ विषय पर मैराथन आयोजित हुई। एनएसयूआई 9 अप्रैल को स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इसका आयोजन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि हमने सात दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया है जिसका उद्देश्य यह बताना है कि देश का संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किस प्रकार खतरे में हैं।
नॉर्थ कैंपस में आयोजित मैराथन में हिस्सा लेने वाले हजारों छात्रों ने कैंपस लोकतंत्र और छात्र अधिकारों की रक्षा के समर्थन में एक सशक्त और एकजुटता का संदेश दिया। यह पहल एनएसयूआई द्वारा देशभर में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की एक श्रृंखला की शुरुआत है, जिनका उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों, छात्र भागीदारी और लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।