प्रदर्शन करते एनएसयूआई कार्यकर्ता
- फोटो : ANI
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार रात एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। यह कार्यकर्ता पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस द्वारा कथित हमले पर प्राथमिकी दर्ज न करने के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा था।
दिल्ली पुलिस ने एनएसयूआई की महिला कार्यकर्ताओं पर दर्ज की प्राथमिकी
देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और दिल्ली पुलिस के बीच हुई झड़प का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान बस में मारपीट के मामले में एनएसयूआई की महिला कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज की है। महिला सिपाही ने कार्यकर्ताओं पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस की ओर से इस घटना का एक वीडियो भी जारी किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है। वहीं, राहुल गांधी ने घायल एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनसे घटना से जुड़े सबूत भेजने को कहा।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी वीडियो में एनएसयूआई की एक महिला कार्यकर्ता महिला सिपाही के साथ धक्का-मुक्की करती और उनके बाल खींचती दिखाई दे रही है। महिला सिपाही ने एक बयान में कहा है कि प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने ही उन पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई, गाली-गलौज हुई और उन्हें धमकियां भी दी गईं। महिला सिपाही ने आरोप लगाए हैं कि उसके बाल पकड़कर खींचे गए और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया। इस मामले में पुलिस की ओर से वीडियो जारी किए जाने के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हुई झड़प को लेकर दोनों पक्षों के आरोप चर्चा में हैं। वहीं एनएसयूआई का आरोप है कि राजीव चौक के पास विरोध प्रदर्शन के बाद जब उनकी महिला सदस्यों को हिरासत में लिया जा रहा था, तब दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही ने उनके साथ मारपीट की।