दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पैथोलॉजी लैब तेजी से खुलती देखी जा रही हैं। गलियों और कॉलोनियों में खून की जांच करने वाली इन पैथोलॉजी लैब की गुणवत्ता पर सवाल भी उठते रहे हैं। इसके चलते लोगों को गुणवत्ता वाली लैब की जानकारी न होने के कारण जांच कराने के लिए काफी परेशान होना पड़ता है।
मगर अब यह आसान होगा। अगले माह से गूगल मैप के जरिये आपको अपने घर के आसपास ही मानकों पर खरा उतरने वाली पैथोलॉजी लैब के बारे में जानकारी मिल सकेगी। भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) ने इस पर काम लगभग पूरा कर लिया है।
क्यूसीआई की मानें तो लंबे समय से गलियों में खुल रहीं पैथोलॉजी को लेकर सवाल खड़े होते रहे हैं। क्यूसीआई से प्रमाण हासिल करने वाली लैब की संख्या बेहद कम है। इसलिए क्यूसीआई ने गुणवत्ता वाली लैब की संख्या बढ़ाने और लोगों को सही जांच उपलब्ध कराने के लिए यह पहल शुरू की है।
क्यूसीआई के नेशनल एक्रीडिटेड बोर्ड ऑफ टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेट्रीज (एनएबीएल) के सीईओ अनिल रेलिया का कहना है कि अभी राजधानी में करीब डेढ़ दर्जन लैब का टेस्ट किया है। जल्द ही देश के तीन हजार कलेक्शन सेंटरों को जोड़ेंगे। इसके लिए एक मोबाइल ऐप भी लाया जाएगा, जो अगस्त महीने के अंत से पहले ही लांच कर दिया जाएगा।