उत्तरी जिला पुलिस 15 अगस्त की सुरक्षा को लेकर कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इस बार सुरक्षा को चौक चौबंद करने के लिए उत्तरी जिला पुलिस ने ई-परीक्षण एन लांच की है। इस एप के जरिए कुछ ही घंटों में लाल किले के आसपास रहनेवाले लोगों का दूसरे राज्यों से वेरीफिकेशन होकर आ जाएगा। पुलिस अब तक करीब 18 हजार लोगों का वेरीफिकेशन कर चुकी है।
उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस एप से लाल किले व उसके आसपास रहने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। इसमें व्यक्ति का पूरा विवरण नाम, पता, व्यवसाय, कहां नौकरी कर रहा है, कब से कर रहा है, किस राज्य का रहने वाला है और आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं ये सब जानकारियां एप में डाली जाती है।
फिर इस जानकारी को संबंधित राज्यों राज्यों की पुलिस को भेजा जाता है। दूसरे राज्यों की पुलिस कुछ ही घंटों में वेरीफिकेशन कर दिल्ली पुलिस को वापस भेज देती है। दूसरे राज्यों को डाटा ऑनलाइन भेजा जाता है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस वेरीफिकेशन से डाटा एकत्रित हो रहा है। ये डाटा स्थाई रहेगा।
एंटी ड्रोन व रॉकेट गन तैनात की जाएंगी
उत्तरी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस बार ड्रोन से लालकिले की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा। लालकिले के आस-पास उड़ने वाले दुश्मनों के ड्रोन व रॉकेट को गिराने के लिए एंटी ड्रोन व रॉकेट गन तैनात की जाएंगी। राष्ट्रपति भवन में आसमान पर नजर रखने के लिए रॉकेट तैनात किए जाएंगे।