-एनईपी के तहत चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम लागू होने के कारण अब तीसरा साल अंतिम वर्ष नहीं माना जाएगा
-नौ सितंबर तक फीस जमा करने वाले छात्र होंगे मतदाता
-चार वर्षीय प्रोग्राम होने के कारण इस बार तीन लाख मतदाता होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2025 इस बार ऐतिहासिक होने जा रहा है। इस साल उपाध्यक्ष व संयुक्त सचिव पद पर तीसरे वर्ष के छात्र भी चुनाव लड़ सकेंगे। दरअसल ऐसा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम लागू होने के कारण संभव हुआ। चार वर्ष का स्नातक प्रोग्राम होने के कारण अब तीसरे साल के छात्र अंतिम वर्ष के नहीं माने जाएंगे। इस संबंध में डूसू चुनाव समिति की और से अधिसूचना जारी कर दी गई है। अध्यक्ष व सचिव पद के लिए किसी भी वर्ष का छात्र चुनाव लड़ सकता है।
अधिसूचना में कहा गया है कि उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पदों के लिए ऐसे छात्र उम्मीदवार होंगे जो उस वर्ष अंतिम वर्ष की परीक्षा नहीं दे रहे हों। अब तीसरे साल के छात्र पढ़ाई छोड़ कर निकल गए और चौथा साल अंतिम वर्ष होगा। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया कि 9 सितंबर तक जिन्होंने दाखिला लेकर फीस का भुगतान कर दिया वे ही उम्मीदवार बन सकते हैं। डीयू में मॉप अप राउंड अभी चल रहा है और इसकी फीस इस सप्ताह के अंत तक जमा होगी। ऐसे में इस राउंड में दाखिला लेने वाले छात्र 18 सितंबर को वोट नहीं डाल सकेंगे। पहले वर्ष के ऐसे छात्र जिन्हें आई कार्ड नहीं मिला वे फीस की रसीद के साथ, आधार कार्ड, पेन कार्ड, वोटर आई कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस को दिखाकर वोट दे सकते हैं।
चार वर्षीय डिग्री प्रोग्राम के तहत चौथे साल वाले छात्र वोटर के रूप में बढ़ गए हैं। इस साल 40 फीसदी वोटर बढ़ गए हैं। इस तरह से करीब तीन लाख छात्र वोट करेंगे। चौथे वर्ष में 60 प्रतिशत छात्रों ने नामांकन किया है।