कंपनी सेक्रेटरी की पढ़ाई के लिए अब आपको मोटी किताबें लेकर नहीं चलना पड़ेगा, बल्कि जब और जहां चाहें, अपने मोबाइल पर पढ़ाई कर सकेंगे।
इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरी ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) ने स्टडी मैटीरियल को ई-बुक्स के तौर पर उपलब्ध कराया है। हालांकि इसके लिए छात्रों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ ही फीस जमा करवानी होगी।
आईसीएसआई के कारपोरेट कम्युनिकेशन की डिप्टी डायरेक्टर आरती जे शैलेंद्र के मुताबिक, छात्रों को बेहतर सेवा देने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। अब छात्र मोबाइल से पढ़ाई कर सकेंगे।
इसके लिए आईसीएसआई की वेबसाइट www.icsi.edu पर लॉगिन करते ही सभी लिंक खुलेंगे, जिसमें से छात्र दो विकल्प को चुन सकते हैं। छात्र या तो ई-बुक्स को डाउनलोड कर सकते हैं या फिर सीधे पढ़ सकते हैं।
ई-बुक्स पढ़ने के लिए मोबाइल पर कूल रीडर सॉफ्टवेयर डाउनलोड करना होगा। शुरुआत में एंड्रॉयड प्लेटफॉर्म पर भी यह सुविधा मिलेगी। छात्रों की सुविधा के लिए स्टडी मैटीरियल को पीडीएफ (पोर्टेबल डॉक्यूमेंट फॉर्मेट) में कन्वर्ट किया जा सकेगा।
अगर छात्र ई-बुक्स से पढ़ाई करना चाहते हैं तो उन्हें इंस्टीट्यूट की ओर से छूट भी मिलेगी, जिसमें प्रोफेशनल वर्ग में 2,000 तो एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में 1,500 रुपये तक शामिल हैं। सुविधा का लाभ उठाने के लिए छात्रों को रजिस्ट्रेशन के साथ ही फीस भी देनी होगी, जिसमें यह छूट शामिल होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के समय छात्रों को छूट मिलेगी।